बुढ़ापे में नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इनमें अटल पेंशन योजना (APY) सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक है। इस योजना से देशभर में लाखों लोग जुड़ चुके हैं और हर महीने छोटी-छोटी बचत करके अपने भविष्य को सुरक्षित बना रहे हैं।
अगर आप भी रिटायरमेंट के बाद हर महीने पेंशन पाना चाहते हैं, तो अटल पेंशन योजना आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है। हालांकि, इस योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने कुछ पात्रता शर्तें तय की हैं। आइए जानते हैं कि कौन इस योजना से जुड़ सकता है, कौन नहीं और आवेदन की पूरी प्रक्रिया क्या है।
क्या है अटल पेंशन योजना?
अटल पेंशन योजना केंद्र सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र सहित आम नागरिकों को बुढ़ापे में नियमित पेंशन उपलब्ध कराना है। इस योजना में निवेशक को कम से कम 20 वर्ष तक नियमित निवेश करना होता है। इसके बाद 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर चुने गए पेंशन प्लान के अनुसार हर महीने पेंशन मिलना शुरू हो जाती है। अधिकतम ₹5,000 प्रति माह तक पेंशन का लाभ लिया जा सकता है।
कौन जुड़ सकता है अटल पेंशन योजना से?
सरकार द्वारा तय की गई पात्रता पूरी करने वाले लोग इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
योजना से जुड़ने के लिए—
- आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए।
- उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- आवेदक के नाम पर बैंक खाता होना जरूरी है।
- बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक होना चाहिए।
यदि आप इन सभी शर्तों को पूरा करते हैं, तो अटल पेंशन योजना में आवेदन कर सकते हैं।
किन लोगों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ?
इनमें शामिल हैं—
- 1 अक्टूबर 2022 के बाद आयकर (Income Tax) देने वाले या पहले से आयकरदाता रहे व्यक्ति इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाते।
- कॉर्पोरेट संस्थाएं भी इस योजना में शामिल नहीं हो सकतीं, क्योंकि यह योजना केवल व्यक्तिगत नागरिकों के लिए बनाई गई है।
अटल पेंशन योजना में कैसे करें आवेदन?
यदि आप योजना से जुड़ना चाहते हैं, तो आवेदन प्रक्रिया काफी आसान है। सबसे पहले अपने नजदीकी बैंक शाखा में जाएं और संबंधित अधिकारी से संपर्क करें। इसके बाद आपकी KYC प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिर आपको अलग-अलग पेंशन प्लान और मासिक प्रीमियम की जानकारी दी जाएगी।
योजना में शामिल होने के बाद आपका बैंक खाता अटल पेंशन योजना से लिंक कर दिया जाएगा और हर महीने तय प्रीमियम की राशि ऑटो डेबिट के माध्यम से आपके खाते से कटती रहेगी।
कितना करना होगा निवेश?
अटल पेंशन योजना में निवेश की राशि आपकी उम्र और चुनी गई पेंशन पर निर्भर करती है।
उदाहरण के तौर पर—
- यदि कोई व्यक्ति 18 वर्ष की उम्र में योजना से जुड़ता है और ₹5,000 मासिक पेंशन चाहता है, तो उसे हर महीने ₹210 का निवेश करना होगा।
- वहीं 30 वर्ष की उम्र में यही पेंशन पाने के लिए हर महीने ₹577 का प्रीमियम जमा करना होगा।
यानी जितनी कम उम्र में आप योजना से जुड़ेंगे, उतना ही कम मासिक निवेश करना पड़ेगा।
