बिहार में इस बार सामान्य से काफी कम बारिश होने के कारण कई जिलों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। ऐसे में किसानों की बढ़ती चिंता के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि जिन क्षेत्रों में कम बारिश की वजह से किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है, वहां डीजल अनुदान योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए रोजाना 12 घंटे बिजली भी उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों को मिलेगी 12 घंटे बिजली
विधानसभा में बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसान अपने खेतों में समय पर सिंचाई कर सकेंगे। वहीं सभी जिलों के डीएम से भी बारिश और फसल की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी गई है।
किन किसानों को मिलेगा डीजल अनुदान योजना का लाभ?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में कम बारिश के कारण सुखाड़ जैसी स्थिति बनेगी, वहां किसानों को डीजल अनुदान योजना का लाभ दिया जाएगा। इस योजना के तहत सिंचाई के लिए खरीदे गए डीजल पर सरकार आर्थिक सहायता देती है, जिससे किसानों का खर्च कम हो सके।
क्या है बिहार डीजल अनुदान योजना?
खरीफ सीजन में जब पर्याप्त बारिश नहीं होती तो किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए डीजल पंप का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में डीजल की बढ़ती कीमत किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार डीजल खरीद पर सब्सिडी देती है। योजना की राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में भेजी जाती है।
सरकार कितनी सब्सिडी देती है?
बिहार सरकार इस योजना के तहत 75 रुपये प्रति लीटर की दर से डीजल सब्सिडी देती है। योजना का लाभ अधिकतम 8 एकड़ कृषि भूमि तक दिया जाता है।
- सामान्य फसलों के लिए 750 रुपये प्रति एकड़ तक अनुदान मिलता है।
- धान के बिचड़े और जूट की फसल के लिए अधिकतम 2 सिंचाई का लाभ दिया जाता है, जिसमें 1500 रुपये प्रति एकड़ तक सहायता मिलती है।
- धान, मक्का, दाल, तिलहन, मौसमी सब्जियां, औषधीय और सुगंधित फसलों के लिए अधिकतम 3 सिंचाई का लाभ मिलता है। इस श्रेणी में किसानों को 2250 रुपये प्रति एकड़ तक सब्सिडी दी जाती है।
डीजल सब्सिडी योजना के लिए आवेदन कैसे करें?
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को बिहार कृषि विभाग के DBT Agriculture Portal पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पोर्टल पर “डीजल अनुदान योजना” विकल्प के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी देखी जा सकती है।
