दिल्ली में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने DDA Karmajeevi Awas Yojana 2026 लॉन्च कर दी है। इस योजना के तहत नरेला में बने 1BHK, 2BHK और 3BHK फ्लैट 25 प्रतिशत की छूट के साथ दिए जाएंगे। फ्लैटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ (First Come First Serve) के आधार पर किया जाएगा।

इन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ

यह योजना सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मजीवियों के लिए शुरू की गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारी, PSU कर्मचारी, सरकारी बैंक कर्मचारी, स्थानीय निकाय, सरकारी विश्वविद्यालय, सरकारी अस्पतालों के कर्मचारी और अन्य सरकारी संस्थानों के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आर्किटेक्ट, शिक्षक, वैज्ञानिक और अन्य प्रोफेशनल भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

कुल 1224 फ्लैट होंगे उपलब्ध

योजना के तहत नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1 से A4 में कुल 1224 नए फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

  • 1BHK – 384 फ्लैट
  • 2BHK – 432 फ्लैट
  • 3BHK – 408 फ्लैट

सभी फ्लैट नए बने हुए हैं और रहने के लिए तैयार हैं।

25 प्रतिशत छूट के बाद इतनी होगी कीमत

ऑफिसियल नोटिफिकेशन के अनुसार DDA ने सभी श्रेणी के फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है।

  • 1BHK फ्लैट – लगभग 33.40 लाख से 33.66 लाख रुपये
  • 2BHK फ्लैट – लगभग 75.55 लाख से 83.58 लाख रुपये
  • 3BHK फ्लैट – लगभग 106.55 लाख से 119.22 लाख रुपये

कब शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन और बुकिंग?

DDA की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार—

  • 24 जुलाई 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे।
  • 24 जुलाई 2026 को ही योजना की विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।
  • 15 अगस्त 2026 दोपहर 12 बजे से फ्लैटों की बुकिंग शुरू होगी।
  • 30 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे योजना बंद होगी।

बुकिंग के लिए कितनी राशि जमा करनी होगी?

फ्लैट बुक करते समय अलग-अलग श्रेणी के अनुसार बुकिंग राशि जमा करनी होगी।

  • 1BHK – ₹50,000
  • 2BHK – ₹4,00,000
  • 3BHK – ₹10,00,000

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए एक बार ₹2,500 का शुल्क देना होगा। जिन लोगों ने पहले से DDA आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया हुआ है, उन्हें दोबारा शुल्क नहीं देना होगा।