केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है।

इस बढ़ोतरी का लाभ देश के करीब 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। पेंशनर्स को महंगाई राहत (DR) के रूप में इसका फायदा दिया जाता है।

क्यों बढ़ाया गया डीए

डीए में यह बढ़ोतरी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर की जाती है। पिछले 12 महीनों के औसत के अनुसार 2 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान पहले से लगाया जा रहा था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

सरकार आमतौर पर साल में दो बार यानी जनवरी और जुलाई में डीए को संशोधित करती है, ताकि बढ़ती महंगाई के अनुसार कर्मचारियों की आय संतुलित बनी रहे।

पहले कितना था डीए

इससे पहले अक्टूबर में डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद यह 55% से बढ़कर 58% हो गया था। अब नई बढ़ोतरी के बाद यह 60% पहुंच गया है।

सैलरी में कितना होगा फायदा

डीए बढ़ने से कर्मचारियों की सैलरी में सीधा असर पड़ेगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹36,500 है, तो पहले उसे 58% के हिसाब से ₹21,170 डीए मिल रहा था। अब 60% होने के बाद यह बढ़कर ₹21,900 हो जाएगा।

वहीं अगर किसी पेंशनर की बेसिक पेंशन ₹9000 है, तो उसका डीए ₹5220 से बढ़कर ₹5400 हो जाएगा। यानी हर महीने सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी होगी।

मिलेगा एरियर भी

सरकार का यह फैसला 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा।
इसका मतलब यह है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी से एरियर भी मिलेगा, जो एक साथ उनके खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।

अन्य बड़े फैसले भी लिए गए

मंत्रिमंडल ने डीए बढ़ोतरी के साथ-साथ कुछ अन्य अहम फैसले भी लिए हैं। सॉवरेन मेरिटाइम फंड को मंजूरी दी गई है, जिसके लिए 13,000 करोड़ रुपये का फंड रखा गया है। इसका उद्देश्य भारतीय जहाजों को सस्ता और सुरक्षित इंश्योरेंस कवर देना है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 2028 तक बढ़ा दिया गया है और इसके लिए 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी मंजूर किया गया है।

DA Hike