दिल्ली सरकार रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू कर सकती है। इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हालांकि, पूरी राशि एक साथ बैंक खाते में नहीं मिलेगी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, योजना का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में रखा जा सकता है।

हर महीने खाते में आएंगे सिर्फ ₹1,000

योजना के तहत मिलने वाले ₹2,500 में से ₹1,000 सीधे महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे, जिन्हें वह अपनी जरूरत के अनुसार तुरंत निकाल सकेगी। वहीं बाकी ₹1,500 सरकार महिला के नाम पर खोले गए रिकरिंग डिपॉजिट (RD) खाते में जमा करेगी, जिसे तय अवधि पूरी होने से पहले नहीं निकाला जा सकेगा।

तीन साल बाद मिलेगा ब्याज सहित पैसा

सरकार ने RD खाते के लिए तीन साल का लॉक-इन पीरियड तय किया है। हर महीने ₹1,500 जमा होने पर एक साल में ₹18,000 और तीन साल में ₹54,000 की मूल राशि जमा हो जाएगी। इस पर बैंक का ब्याज भी मिलेगा और तीन साल पूरे होने के बाद पूरी राशि ब्याज सहित सीधे लाभार्थी महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

सरकार का क्या है उद्देश्य?

सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से महिलाओं को दोहरा फायदा मिलेगा। हर महीने मिलने वाले ₹1,000 से वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकेंगी, जबकि RD में जमा होने वाली राशि भविष्य के लिए एक सुरक्षित बचत का काम करेगी और जरूरत पड़ने पर एकमुश्त आर्थिक सहायता मिलेगी।

RD खाते पर कितना मिलेगा ब्याज?

फिलहाल अलग-अलग बैंक तीन साल की RD पर 6.25% से 7.25% तक ब्याज दे रहे हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा 7.25%, ICICI बैंक 7.20%, एक्सिस बैंक 7.10%, पंजाब नेशनल बैंक 7.05%, HDFC और कोटक महिंद्रा बैंक 7.00%, SBI 6.75%, केनरा बैंक 6.80%, जबकि IDBI, यूनियन बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक 6.50% तथा इंडियन बैंक 6.25% ब्याज दे रहे हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के RD खातों पर भी इसी दायरे में ब्याज मिल सकता है।

कौन-कौन महिलाएं होंगी पात्र?

इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जो कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हों। महिला की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की वार्षिक आय ₹2.50 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा एक परिवार से केवल एक महिला को ही योजना का लाभ मिलेगा। यदि परिवार में एक से अधिक महिलाएं पात्र हैं, तो सबसे अधिक आयु वाली पात्र महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।