दिल्ली की बेटियों के लिए सरकार ने शुरू की लखपति बिटिया योजना, आज राष्ट्रपति करेंगी योजना का शुभारंभ
lakhpati bitiya yojana

नई दिल्ली| देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सरकार की तरफ से दिल्ली की महिलाओं और बेटियों के लिए एक नई योजना का आगाज किया गया है. यह योजना महिलाओं और बेटियों के लिए काफी कारगर साबित होने वाली है. स्कीम की मदद से महिलाएं और बेटियां आर्थिक रूप से और भी सक्षम होंगी. सरकार द्वारा महिलाओं और बेटियों के लिए लखपति बिटिया योजना को शुरू किया जा रहा है. सरकार की तरफ से इस दिशा में काम किया जा रहा है जिससे महिलाओं को किसी और पर आश्रित न होना पड़े तथा वह आर्थिक रूप से सक्षम हो.

आज दिल्ली में होगा भव्य कार्यक्रम का आयोजन

आज 2 मार्च, 2026, सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक स्पेशल व भव्य कार्यक्रम ‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ का आयोजन होने जा रहा है. यह प्रोग्राम महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से आयोजित किया जा रहा है. इस भव्य समारोह में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ की शुरुआत की जाएगी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है, कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के लिए दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की पूर्व संरचना के तहत हर पात्र बालिका के नाम पर यदि उसका जन्म किसी संस्था में हुआ है तो 11,000 रुपये और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपये जमा किए जाते थे.

नई स्कीम में सहायता राशि और दृष्टिकोण दोनों में हुई व्यापक बढ़ोतरी

इसके अलावा कक्षा एक, छह और नौवीं में एडमिशन , कक्षा दसवीं पास करने तथा 12वीं क्लास में एडमिशन जैसे अहम शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपये की राशि जमा की जाती थी. यह संचित राशि ब्याज के साथ तब निकाली जा सकती थी जब बालिका की उम्र 18 होती थी. सीएम ने स्पष्ट किया कि नई स्कीम में सहायता की राशि और दृष्टिकोण दोनों में वृद्धि की गई है. अब बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये डिपाजिट किए जाएंगे और ब्याज के साथ 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता मूल्य 1 लाख रुपये से ज्यादा होने की आशा है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी बालिकाएं स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पूरा करने तक सहायता प्राप्त कर सके.

सीधे लाभार्थी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होगी राशि

नई स्कीम पूर्ण रूप से डिजिटल होने वाली है. फंड का मैनेजमेंट एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा. इन्वेस्टमेंट एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा. विभाग की तरफ से जमा की गई राशि बालिका की ऐज के साथ बढ़ती रहेगी और मेच्योरिटी पर पूरी संचित राशि डायरेक्ट लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाएगी. अगर इस बारे में बात करें कि इस योजना का लाभ कौन-कौन ले सकता है तो बता दें कि दिल्ली सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, योजना का फायदा उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से ज्यादा न हो तथा जो पिछले तीन सालों से दिल्ली में रह रहे हों.

योजना का लाभ लेने के लिए यह होगी शर्तें

योजना का लाभ लेने के लिए यह अनिवार्य है कि बालिका का जन्म दिल्ली में हुआ हो. पंजीकरण जन्म के एक साल के अंदर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराया जा सकता है. यह लाभ हर परिवार की दो जीवित बालिकाओं तक सीमित होगा. एक अहम पहलु यह भी है कि योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है जिसके तहत भारत में किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त या यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम कर रही लड़कियों को शामिल किया गया है. लाभार्थियों को ध्यान रहे कि मेच्योरिटी बेनिफिट तभी मिलेगा जब सभी शैक्षणिक शर्तें पूरी होंगी.