हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब हरियाणा रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थियों के बस पास मान्य होंगे। विद्यार्थी अपने बस पास के जरिए इलेक्ट्रिक बसों में सफर कर सकेंगे। बस पास के माध्यम से विद्यार्थी एक दिन में अधिकतम 150 किलोमीटर तक यात्रा कर सकेंगे।
इस सुविधा का लाभ स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। खासकर दूर-दराज के गांवों और कस्बों से शहरों में पढ़ाई के लिए रोजाना आने-जाने वाले छात्रों को इससे काफी फायदा होगा। इससे विद्यार्थियों का रोजाना का यात्रा खर्च कम होगा और उन्हें सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
28 मई को की गई थी घोषणा
विद्यार्थियों के बस पास को इलेक्ट्रिक बसों में मान्य करने की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 मई को पानीपत में की थी। अब हरियाणा रोडवेज विभाग की ओर से इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।
अब हरियाणा रोडवेज द्वारा संचालित इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थी अपने मान्य बस पास का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अलग से इलेक्ट्रिक बस के लिए किराया देने की जरूरत नहीं होगी।
सोनीपत से चल रही हैं 15 इलेक्ट्रिक बसें
फिलहाल सोनीपत डिपो से 15 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। ये इलेक्ट्रिक बसें सोनीपत से दिल्ली ISBT, गोहाना, गन्नौर और पानीपत तक चलाई जा रही हैं।
हरियाणा रोडवेज सोनीपत के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए इलेक्ट्रिक बसों में बस पास लागू कर दिया गया है। हरियाणा रोडवेज की ओर से संचालित की जा रही सभी ई-बसों में विद्यार्थियों के बस पास मान्य होंगे।
25 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
इस सुविधा का सीधा लाभ सोनीपत जिले के करीब 25 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा। रोजाना स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थियों को अब इलेक्ट्रिक बसों में भी अपने बस पास से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
विद्यार्थी एक दिन में बस पास के माध्यम से अधिकतम 150 किलोमीटर तक सफर कर सकेंगे। इससे दूर से पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों के आने-जाने का खर्च कम होगा और उन्हें यात्रा के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

