ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का Beta Version लॉन्च कर दिया गया है। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है, ताकि यात्रियों से फीडबैक लेकर अंतिम वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा सके। रेलवे का कहना है कि सुझाव मिलने के बाद जरूरी बदलाव किए जाएंगे और फिर नया पोर्टल सभी के लिए स्थायी रूप से शुरू किया जाएगा।

आखिर क्या होता है Beta Version?

किसी भी वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सॉफ्टवेयर का शुरुआती टेस्टिंग वर्जन Beta Version कहलाता है। इसे आम यूजर्स के इस्तेमाल के लिए जारी किया जाता है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वेबसाइट सही तरीके से काम कर रही है या नहीं। इस दौरान यूजर्स अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हैं, जिनके आधार पर तकनीकी खामियों को दूर किया जाता है। सभी सुधार पूरे होने के बाद ही Final Version लॉन्च किया जाता है।

करीब 24 साल बाद बदलेगा IRCTC का रूप

IRCTC की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी। आज यह देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म में शामिल है और इसके जरिए रोजाना औसतन करीब 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। बढ़ते ट्रैफिक और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए रेलवे ने अब वेबसाइट को पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार किया है।

नई वेबसाइट का इस्तेमाल कैसे करें?

यात्री IRCTC के नए Beta Portal पर जाकर इसका अनुभव ले सकते हैं। इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी Beta Version का लिंक उपलब्ध कराया गया है, जहां से सीधे नई वेबसाइट खोली जा सकती है।

नई वेबसाइट में क्या-क्या बदला?

  • साफ और आसान इंटरफेस: नई वेबसाइट में अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट काफी हद तक हटा दिए गए हैं। इससे टिकट बुकिंग के दौरान जरूरी जानकारी आसानी से दिखाई देगी।
  • एक साथ दिखेगी सभी क्लास की सीट: अब यात्रियों को Sleeper, 3AC, 2AC या अन्य क्लास की सीट देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। सभी क्लास की उपलब्ध सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी।
  • टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज: बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। पहले की तुलना में कम स्टेप्स पूरे करने होंगे, जिससे टिकट जल्दी बुक हो सकेगा।
  • रिपीट बुकिंग हुई आसान: जो यात्री अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, उनकी जानकारी सेव रहेगी। अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार नाम, उम्र और अन्य विवरण भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
  • अनावश्यक Captcha और Pop-up हटाए गए: नई वेबसाइट में बार-बार आने वाले Captcha और अनावश्यक Pop-up को काफी हद तक हटाया गया है, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान परेशानी कम होगी।

क्यों जरूरी था यह बदलाव?

रेलवे के अनुसार हर दिन लाखों लोग IRCTC पोर्टल का उपयोग करते हैं। बढ़ते यूजर ट्रैफिक के कारण वेबसाइट को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड करना जरूरी हो गया था। नया पोर्टल न केवल तेज होगा, बल्कि भविष्य में इसे नए Passenger Reservation System (PRS) के साथ भी जोड़ा जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग का अनुभव और बेहतर होने की उम्मीद है.