प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। नालंदा नगर पंचायत क्षेत्र में योजना के तहत दूसरी किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं लाभार्थियों को दूसरी किस्त का लाभ मिलेगा, जिन्होंने पहली किस्त मिलने के बाद तय नियमों के अनुसार आवास निर्माण कार्य आगे बढ़ाया है।
580 लोगों को मिल चुकी है पहली किस्त
नगर पंचायत के अनुसार अब तक 580 लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण के लिए पहली किस्त की राशि भेजी जा चुकी है। इसके बाद विभाग ने निर्माण कार्य की समीक्षा की, जिसमें पाया गया कि कई लाभार्थियों ने अभी तक मकान का निर्माण केवल नींव स्तर तक ही किया है। इसी वजह से ऐसे लाभार्थियों की दूसरी किस्त फिलहाल रोक दी गई है।
किन लोगों को मिलेगी दूसरी किस्त?
योजना के नियमों के अनुसार पहली किस्त प्राप्त करने के बाद लाभार्थी को अपने मकान का निर्माण लिंटर स्तर तक पूरा करना अनिवार्य है। इसके बाद ही दूसरी किस्त जारी की जाती है।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि 300 लाभार्थियों ने लिंटर स्तर तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। ऐसे सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किस्त की राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जल्द पूरा करें निर्माण कार्य
नगर पंचायत प्रशासन ने बाकी लाभार्थियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने मकान का निर्माण लिंटर स्तर तक पूरा करें। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नियमानुसार उनकी दूसरी किस्त भी जारी कर दी जाएगी।
बिचौलियों से रहें सावधान
कार्यपालक पदाधिकारी राजन कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी लाभार्थी को योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी बिचौलिए या अन्य व्यक्ति को कोई पैसा देने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि खाते में राशि आने के बाद कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत नगर पंचायत कार्यालय को दें। ऐसा नहीं करने पर होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं लाभार्थी की होगी।
