हरियाणा के रेवाड़ी जिले में लंबे इंतजार के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD Haryana) ने जिला स्तर पर भर्ती का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 454 पदों पर योग्य महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 29 जुलाई 2026 शाम 5:00 बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

इस भर्ती में केवल संबंधित ग्राम पंचायत या वार्ड की स्थायी महिला निवासी ही आवेदन कर सकेंगी। चयन बिना किसी लिखित परीक्षा के केवल मेरिट, अतिरिक्त वेटेज और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।

रेवाड़ी जिले में कितने पदों पर होगी भर्ती

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार रेवाड़ी जिले के अलग-अलग परियोजना क्षेत्रों में कुल 454 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें 103 पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता (AWW) तथा 351 पद आंगनवाड़ी सहायिका (AWH) के शामिल हैं।

परियोजनावार रिक्त पद इस प्रकार हैं—

  • खोल : 26 कार्यकर्ता, 61 सहायिका
  • बावल : 26 कार्यकर्ता, 74 सहायिका
  • रेवाड़ी ग्रामीण : 8 कार्यकर्ता, 64 सहायिका
  • जाटूसाना : 29 कार्यकर्ता, 53 सहायिका
  • नाहड़ : 6 कार्यकर्ता, 48 सहायिका
  • रेवाड़ी शहरी : 8 कार्यकर्ता, 51 सहायिका

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है।

कौन कर सकता है आवेदन

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए 10वीं पास योग्यता निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाली महिला उसी ग्राम पंचायत या शहरी वार्ड की स्थायी निवासी होनी चाहिए, जहां रिक्त पद उपलब्ध है।

आयु सीमा

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता तथा जिन महिलाओं के पति 70 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग हैं, उन्हें नियमानुसार अधिकतम 45 वर्ष तक आयु सीमा में छूट मिलेगी।

बिना परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू आयोजित नहीं किया जाएगा। चयन पूरी तरह शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से होगा।इसके अलावा विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य अनुभव, उच्च शैक्षणिक योग्यता तथा विशेष श्रेणी की महिलाओं को अतिरिक्त वेटेज अंक भी दिए जाएंगे।

मेरिट में मिलेंगे अतिरिक्त अंक

  • यदि किसी महिला ने पहले आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका या क्रेच वर्कर के रूप में कार्य किया है तो अनुभव के आधार पर अधिकतम 5 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
  • आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए स्नातक पर 3 अंक तथा स्नातकोत्तर पर 5 अंक अतिरिक्त मिलेंगे।
  • आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए 12वीं पास होने पर 3 अंक तथा स्नातक होने पर 5 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
  • विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को 10 अतिरिक्त वेटेज अंक प्रदान किए जाएंगे।

जरूरी दस्तावेज

आवेदन के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (यदि लागू हो), जाति प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि दावा किया गया हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। सभी दस्तावेजों का सत्यापन चयन प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा।

आवेदन कब और कहां जमा होंगे

भर्ती के लिए आवेदन 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 शाम 5:00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। महिलाएं आवेदन पत्र संबंधित महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (WCDPO) कार्यालय से प्राप्त कर वहीं जमा कर सकेंगी। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Important Links

रेवाड़ी आंगनबाड़ी भर्ती आवेदन फॉर्म: यहां से डाउनलोड करें

Vijay Kakkar

My name is Vijay Kakkar, and I have been writing articles on Government Schemes, Education News, and Haryana Updates for the past four years. I enjoy sharing the latest updates and accurate information with readers to keep them informed and help them stay up to date with important news and developments.