उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए चल रही ‘सीएम युवा उद्यमी योजना’ अब और भी आसान बनने जा रही है। प्रदेश सरकार लगातार इस योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंचाने के लिए प्रक्रिया को सरल बना रही है। इसी दिशा में अब सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर्स (CCC) को ट्रेनिंग दी जा रही है, जो युवाओं को लोन लेने की पूरी प्रक्रिया में मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस साल करीब 1.5 लाख युवाओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसी को लेकर गोमती नगर में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पहले चरण में 50 जिलों और दूसरे चरण में 25 जिलों को शामिल किया गया। यूपीकॉन के कर्मचारियों को भी इस ट्रेनिंग से जोड़ा जा रहा है ताकि वे जमीनी स्तर पर युवाओं को सही मार्गदर्शन दे सकें।
अब कैसे आसान होगा लोन लेना
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 90 सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर तैनात किए जाएंगे। ये काउंसलर युवाओं को बैंकिंग प्रक्रिया समझाने, जरूरी दस्तावेज तैयार कराने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने में मदद करेंगे। इससे पहले जहां युवाओं को लोन लेने में दिक्कत होती थी, अब वही प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी।
दरअसल, ये काउंसलर बैंक और उद्यमियों के बीच एक कड़ी के रूप में काम करेंगे। वे युवाओं को सही योजना चुनने से लेकर फाइनेंशियल डिटेल और डॉक्यूमेंट तैयार करने तक हर स्टेप में सहयोग देंगे, जिससे लोन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
इन बातों का रखें ध्यान, तभी मिलेगा लोन
यूपीकॉन के एमडी प्रवीण सिंह के अनुसार, अगर युवा सही तरीके से तैयारी करें तो लोन मिलना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसके लिए अच्छा CIBIL स्कोर, सही क्रेडिट रेटिंग और मजबूत प्रोजेक्ट प्लान होना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि बेहतर फाइनेंशियल प्लानिंग से न केवल लोन आसानी से मिल सकता है, बल्कि बिजनेस को सफल बनाना भी आसान हो जाता है।
क्या है सीएम युवा उद्यमी योजना
यह उत्तर प्रदेश सरकार की एक खास योजना है, जिसके तहत युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। इस योजना में युवाओं को ₹5 लाख तक का लोन दिया जाता है, जिस पर कोई ब्याज नहीं लिया जाता।
हालांकि इसमें करीब 10% मार्जिन मनी खुद लगानी होती है और बाकी राशि सरकार की तरफ से दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें खुद का रोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ
इस योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के स्थायी निवासी युवा उठा सकते हैं, जिनकी उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच है। साथ ही आवेदक का कम से कम 8वीं पास होना जरूरी है और यदि उसने किसी सरकारी योजना के तहत ट्रेनिंग ली है तो उसे प्राथमिकता दी जा सकती है।
