उत्तर प्रदेश की मेधावी छात्राओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत प्रदेश के कॉलेज और विश्वविद्यालयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सरकार की ओर से मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनके आवागमन को आसान बनाना है।

कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब योजना को जल्द लागू किया जाएगा। पहले चरण में करीब 50 हजार छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है।

किन छात्राओं को मिलेगा फ्री स्कूटी का लाभ?

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के अनुसार, राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय, सरकारी, एडेड और मान्यता प्राप्त निजी कॉलेजों की स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में मेरिट के आधार पर टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है।

इन छात्राओं को मिलेगी विशेष प्राथमिकता

सरकार ने योजना में कुछ वर्गों को विशेष राहत भी दी है। यदि कोई छात्रा दिव्यांग, निराश्रित या शहीद परिवार की आश्रित है, तो उसके लिए मेरिट और आय सीमा की शर्त लागू नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने ऐसे सभी पात्र मामलों में अनिवार्य रूप से स्कूटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

स्कूटी के साथ सरकार उठाएगी यह खर्च भी

इस योजना के तहत सिर्फ स्कूटी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उससे जुड़े कई अन्य खर्च भी सरकार वहन करेगी। लाभार्थी छात्राओं को स्कूटी के रजिस्ट्रेशन की फीस, वाहन बीमा और 5 लीटर पेट्रोल भी मुफ्त दिया जाएगा, ताकि शुरुआत में किसी प्रकार का अतिरिक्त खर्च न उठाना पड़े।

कितनी आय वाले परिवारों की छात्राएं होंगी पात्र?

योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 10 लाख रुपये या उससे कम है। साथ ही छात्रा को ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन में अपने कॉलेज या विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में टॉप स्थानों पर होना जरूरी होगा।

योजना के लिए जरूरी पात्रता

  • छात्रा उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी हो।
  • परिवार की वार्षिक आय 10 लाख रुपये या उससे अधिक न हो।
  • मान्यता प्राप्त कॉलेज या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन किया हो।
  • कॉलेज या विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में टॉप छात्राओं में शामिल हो।

आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज लगेंगे?

  • आधार कार्ड
  • उत्तर प्रदेश का निवास प्रमाण पत्र
  • आय प्रमाण पत्र
  • ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन की मार्कशीट/प्रमाण पत्र
  • शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • बैंक खाते की जानकारी

इस साल 400 करोड़ रुपये का बजट

योगी सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए इस वर्ष करीब 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस बजट के माध्यम से पहले चरण में लगभग 50 हजार मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।

यूपी फ्री स्कूटी योजना में आवेदन करने के लिए अभी आपको थोड़ा इंतजार करना होगा. अभी केवल कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी मिली है जल्दी सरकार की तरफ से ऑफिशल नोटिफिकेशन और पोर्टल लॉन्च किया जाएगा. और नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जिक्र किया जाएगा.