हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दे रही है। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से बैंक के सहयोग से विशेष ऋण योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत पात्र लोगों को 1.50 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक का अनुदान भी मिलेगा।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपना रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

कितना मिलेगा लोन और अनुदान?

योजना के तहत लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए 1.50 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। इसके अलावा सरकार योजना लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 50 हजार रुपये (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में देगी। वहीं कुल योजना लागत का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी भी निगम की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी, जिस पर केवल 4 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देना होगा।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं।

  • आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए।
  • अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से संबंधित होना जरूरी है।
  • आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • परिवार पहचान पत्र (PPP) में वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
  • 2.50 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
  • आवेदक किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करते समय निम्न दस्तावेज जमा करने होंगे।

  • परिवार पहचान पत्र (PPP)
  • अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • बैंक पासबुक या पोस्ट डेटेड चेक
  • कमर्शियल वाहन के लिए आवेदन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस

इसके अलावा आवेदक को एक शपथ पत्र भी देना होगा कि वह ऋण राशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए करेगा।

ऐसे चुकानी होगी राशि

निगम द्वारा दी जाने वाली मार्जिन मनी की राशि साढ़े पांच साल में छमाही किस्तों के माध्यम से जमा करनी होगी। पहले छह महीने तक केवल ब्याज का भुगतान करना होगा। वहीं बैंक द्वारा दिए गए ऋण की अदायगी बैंक के नियमों और शर्तों के अनुसार करनी होगी।

आवेदन प्रक्रिया

इस स्कीम आवेदन करें के लिए हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन जमा करवा सकते हैं. सबसे पहले आपको इस वेबसाइट पर जाना है उसके बाद आपको पंजीकरण करना है और उसके बाद जिस भी कैटिगरी के तहत लोन लेना चाहते हैं स्कीम का सेलेक्ट कर आवेदन कंप्लीट करना है.