पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। SBI Foundation ने SBI Platinum Jubilee Asha Scholarship Program 2026 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस स्कॉलरशिप के तहत योग्य छात्रों को 15 हजार रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना के लिए देशभर के स्कूल, कॉलेज, मेडिकल, IIT, IIM और विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।

एसबीआई फाउंडेशन ने इस स्कॉलरशिप के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इस योजना का लाभ देशभर के 25,707 छात्रों को मिलेगा। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन पढ़ाई में अच्छे छात्रों को आगे की शिक्षा के लिए मदद देना है।

इन छात्रों को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ

इस स्कॉलरशिप के लिए अलग-अलग स्तर के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इनमें शामिल हैं।

  • कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र
  • ग्रेजुएशन कर रहे छात्र
  • पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र
  • MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र
  • IIT में पढ़ने वाले छात्र
  • IIM के छात्र
  • विदेश में मास्टर डिग्री करने वाले छात्र

आवेदन के लिए जरूरी योग्यता

आवेदन करने वाले छात्र के पिछली कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या 7.5 CGPA होना चाहिए। कॉलेज और उच्च शिक्षा के छात्रों के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान में पढ़ाई करना जरूरी है। इसमें NAAC ग्रेड A या उससे ऊपर के संस्थान, NIRF 2025-26 की टॉप 300 रैंकिंग वाले कॉलेज और QS 2025-26 की टॉप 200 यूनिवर्सिटी शामिल हैं।

परिवार की सालाना आय कितनी होनी चाहिए?

  • 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
  • कॉलेज, मेडिकल, IIT, IIM और अन्य उच्च शिक्षा के छात्रों के परिवार की सालाना आय 6 लाख रुपये तक होनी चाहिए।

कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?

इस योजना के तहत छात्रों को उनके कोर्स के अनुसार 15 हजार रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी। छात्र निर्धारित योग्यता पूरी करते रहेंगे तो उन्हें आगे भी आर्थिक सहायता मिल सकती है।

ऐसे करें आवेदन

  • SBI Asha Scholarship के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
  • अपनी कैटेगरी का चयन करें।
  • ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें।
  • जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  • आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट अपने पास सुरक्षित रखें।

आवेदन की अंतिम तिथि

SBI Asha Scholarship 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। जो छात्र आवेदन करना चाहते हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना फॉर्म भर दें।