जवाहर नवोदय विद्यालय में अपने बच्चों का एडमिशन कराने का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए अच्छी खबर है। नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक और योग्य छात्र 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए छात्रों को NVS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।
कब होगी प्रवेश परीक्षा?
नवोदय विद्यालय समिति के अनुसार JNVST 2027 की प्रवेश परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।
परीक्षा में कुल 80 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 100 अंकों के होंगे। इसमें मेंटल एबिलिटी, गणित, पर्यावरण अध्ययन और भाषा से जुड़े सवाल शामिल होंगे। परीक्षा में किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर 1.25 अंक दिए जाएंगे। दिव्यांग छात्रों को परीक्षा पूरी करने के लिए 40 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
- कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र को 2026-27 सत्र में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ाई कर रहा होना चाहिए।
- इसके अलावा छात्र ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई बिना किसी गैप के पूरी की हो। जो छात्र पहले ही कक्षा 5 पास कर चुके हैं या दोबारा कक्षा 5 में पढ़ रहे हैं, वे छात्र आवेदन नहीं कर सकते।
- आयु सीमा की बात करें तो बच्चे का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए। यह नियम सभी वर्गों के छात्रों पर लागू होगा।
- साथ ही छात्र उसी जिले का निवासी होना चाहिए, जहां के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेना चाहता है। छात्र ने उसी जिले के स्कूल से कक्षा 5 की पढ़ाई भी की हो।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
ऑनलाइन आवेदन करते समय नीचे दिए गए दस्तावेजों की जरूरत होगी।
- छात्र का पासपोर्ट साइज फोटो
- छात्र के हस्ताक्षर
- आधार कार्ड
- जन्म प्रमाण पत्र या आयु प्रमाण पत्र
- निवास प्रमाण पत्र
- स्कूल से संबंधित दस्तावेज या मार्कशीट
- ग्रामीण क्षेत्र का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- ट्रांसजेंडर प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC)
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट (https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/) पर जाएं।
- Class 6 Admission 2027 के लिंक पर क्लिक करें।
- आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें।
- अब आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन सबमिट करें और उसका प्रिंट या PDF अपने पास सुरक्षित रख लें।
