खरीफ फसल की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को 100 प्रतिशत अनुदान पर खरीफ फसल का बीज दिया जाएगा। इस योजना के तहत किसान बाजरा, कोदो और सावां जैसी फसलों का बीज मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य कम बारिश के बीच किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी लागत कम करना है।
अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो पहले कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण और बुकिंग करनी होगी। इसके बाद चयनित किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
इन फसलों के बीज दिए जाएंगे
कृषि विभाग की ओर से इस बार किसानों के लिए अलग-अलग खरीफ फसलों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें शामिल हैं।
- बाजरा – 14.7 क्विंटल
- कोदो – 6.48 क्विंटल
- सावां – 5.6 क्विंटल
इन सभी बीजों का वितरण 100 प्रतिशत अनुदान पर किया जाएगा।
कम खर्च में होगी खेती
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन फसलों की खेती के लिए ज्यादा पानी, खाद और खर्च की जरूरत नहीं होती। कम बारिश की स्थिति में भी इनकी खेती आसानी से की जा सकती है।
इसके अलावा इन फसलों की खेती बंजर, ऊसर और परती जमीन पर भी की जा सकती है। यही वजह है कि विभाग किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
पहले करनी होगी बुकिंग
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को सबसे पहले कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद चयनित किसानों को मिनी किट के रूप में बीज दिए जाएंगे।
ऐसे करें आवेदन
अगर किसान का कृषि विभाग के पोर्टल पर पहले से पंजीकरण नहीं है, तो वह आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी की मदद से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है। पंजीकरण पूरा होने के बाद किसान इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कृषि विभाग का कहना है कि इस योजना के जरिए किसानों को कम लागत में बेहतर खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि कम बारिश के बावजूद फसल उत्पादन पर ज्यादा असर न पड़े।
