PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने वाले लोगों के लिए काम की खबर है। योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने के लिए बैंक से लोन लेने वाले पात्र लोगों को अब 2 लाख रुपये तक के लोन के लिए Civil Score की जरूरत नहीं होगी। इस संबंध में जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने योजना के तहत चल रहे कामों को तेजी से पूरा करने और पात्र लाभार्थियों को समय पर लोन उपलब्ध कराने के लिए बैंकों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को जरूरी निर्देश दिए।
2 लाख रुपये तक के लोन में Civil Score की जरूरत नहीं
PM सूर्यघर योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने के लिए बैंक से लोन लेने वाले पात्र लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। जानकारी के मुताबिक 2 लाख रुपये तक के लोन के लिए Civil Score की शर्त हटाई जाएगी।
इसको लेकर जल्द ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इससे उन पात्र लोगों को सोलर रूफटॉप लगवाने में आसानी होगी, जिन्हें Civil Score की वजह से बैंक लोन लेने में परेशानी होती थी।
लंबित Loan Applications 10 दिन में निपटाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने बैठक में बैंकों के शीर्ष अधिकारियों को योजना से जुड़े सभी लंबित लोन आवेदनों को 10 दिनों के अंदर स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन को बिना उचित कारण के खारिज नहीं किया जाना चाहिए। अगर किसी आवेदन को रिजेक्ट किया जाता है तो उसके कारणों की बैंक स्तर पर समीक्षा की जाए।
जिन आवेदनों में किसी तरह की कमी है, उन्हें जल्द से जल्द दूर करवाकर पात्र लाभार्थियों को लोन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवंबर तक सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने नवंबर 2026 तक तय लक्ष्य के अनुसार सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को सौर संयंत्रों की स्थापना के काम में तेजी लाने को कहा।
वहीं अत्यंत गरीब परिवारों के लिए अक्टूबर के अंत तक 2.5 लाख सौर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया है।
वेंडरों को भी दी गई सख्त हिदायत
योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाने वाले वेंडरों को भी काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने साफ कहा कि जो वेंडर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार काम नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
इससे सरकार का फोकस तय समय के अंदर अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर है।
नवंबर 2026 तक पूरे करने होंगे तय लक्ष्य
बैठक में PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के ULA Model के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने नवंबर 2026 तक ULA Model के सभी निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने बैठक में अलग-अलग जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में मुख्य सचिव को जानकारी दी।

