केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं का रिजल्ट इस बार पहले जारी होने की संभावना जताई जा रही है. लाखों छात्र और उनके अभिभावक इस समय यही जानना चाहते हैं कि आखिर रिजल्ट कब आएगा और क्या इस बार 10वीं का रिजल्ट 12वीं से पहले जारी होगा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार CBSE 10वीं का रिजल्ट अप्रैल 2026 के तीसरे या चौथे सप्ताह में जारी किया जा सकता है, हालांकि अभी तक बोर्ड की तरफ से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.
अप्रैल में क्यों आ सकता है 10वीं का रिजल्ट
दरअसल इस बार CBSE बोर्ड ने 10वीं परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव किया है. अब 10वीं बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जा रही है. पहला एग्जाम फरवरी और मार्च में आयोजित किया गया था, जबकि दूसरा एग्जाम मई में कराया जाएगा. ऐसे में बोर्ड के लिए यह जरूरी हो गया है कि वह पहले चरण का रिजल्ट जल्दी जारी करे, ताकि छात्र दूसरे एग्जाम में शामिल हो सकें.
क्या 12वीं से पहले आएगा रिजल्ट
इस बार 10वीं और 12वीं के रिजल्ट को लेकर स्थिति थोड़ी अलग है. 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी. ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि बोर्ड इस बार 10वीं का रिजल्ट पहले जारी कर सकता है और 12वीं का रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा.
रिजल्ट को लेकर क्या बोले अधिकारी
CBSE बोर्ड के अधिकारियों ने अभी तक रिजल्ट की तारीख को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. उनका कहना है कि 10वीं और 12वीं के रिजल्ट एक साथ जारी होंगे या अलग-अलग, इस पर अभी विचार किया जा रहा है. अंतिम निर्णय छात्रों के हित और मूल्यांकन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा. इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
कितने छात्र हुए शामिल
इस बार CBSE बोर्ड परीक्षा में 43 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए हैं. 10वीं के परिणाम का छात्रों के लिए काफी महत्व होता है क्योंकि इसी के आधार पर वे आगे की पढ़ाई के लिए विषय का चयन करते हैं. वहीं 12वीं का रिजल्ट कॉलेज एडमिशन और करियर के लिए महत्वपूर्ण होता है.
2nd बोर्ड एग्जाम का क्या होगा
अगर कोई छात्र अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं होता या उसकी कंपार्टमेंट आती है तो उसे दूसरा मौका दिया जाएगा. CBSE द्वारा दूसरा बोर्ड एग्जाम मई 2026 में आयोजित किया जाएगा और उसका रिजल्ट जून के अंतिम सप्ताह में जारी किया जा सकता है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी चरणों में आयोजित की जा रही है.
