हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE), भिवानी की तरफ से सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया गया है. बोर्ड ने 2nd Annual Exam (द्वितीय वार्षिक परीक्षा) को लेकर ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस नोटिस के अनुसार अब हर साल की तरह इस बार भी विद्यार्थियों को दूसरा मौका दिया जाएगा.
बोर्ड द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार फरवरी-मार्च 2026 की वार्षिक परीक्षाएं 1 अप्रैल 2026 को समाप्त हो चुकी हैं और अब सेकेंड एनुअल परीक्षा का आयोजन किया जाएगा.
कब होंगे सेकेंड एग्जाम
हरियाणा बोर्ड की सेकेंडरी (10वीं) और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) की द्वितीय वार्षिक परीक्षाएं 4 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी. इस परीक्षा के लिए छात्रों को ₹1000 आवेदन शुल्क देना होगा.
किन छात्रों को मिलेगा मौका
इस परीक्षा में वे सभी छात्र आवेदन कर सकते हैं जो पहली वार्षिक परीक्षा (फरवरी-मार्च 2026) में शामिल हुए थे लेकिन अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं. ऐसे विद्यार्थी अपनी इच्छा से दोबारा परीक्षा दे सकते हैं.
इसके अलावा वे छात्र भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं जो किसी कारणवश पहली परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, जैसे बीमारी, चोट या अन्य जरूरी कारण. ऐसे छात्रों को बोर्ड कार्यालय में संपर्क करके निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
HBSE 2nd 2nd Annual Exam 2026 Notice
कितने विषयों में दे सकते हैं परीक्षा
विद्यार्थी अपनी पहली परीक्षा के विषयों में से अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम 3 विषयों में ही दोबारा परीक्षा दे सकते हैं. अगर कोई छात्र पहली परीक्षा में सभी विषयों में अनुपस्थित रहा है और फिर भी आवेदन करता है, तो उसका फॉर्म रद्द किया जा सकता है.
महत्वपूर्ण जानकारी
बोर्ड ने साफ किया है कि यह परीक्षा छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका देने के लिए आयोजित की जा रही है. इसलिए सभी इच्छुक उम्मीदवार समय पर आवेदन करें और नियमों का पालन करें. ऑनलाइन आवेदन के दौरान किसी भी समस्या के लिए छात्र हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं.
