Maiya Samman Yojana Payment 2026: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में मई महीने तक की सम्मान राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेज दी है। वहीं प्रशासन ने जानकारी दी है कि जून महीने की किस्त का भुगतान भी जल्द किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसके अलावा सर्वजन पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी मई महीने तक की पेंशन राशि जारी कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा सभी योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान मिल सके।
मंईयां सम्मान योजना के तहत 2.85 लाख महिलाओं को मिला लाभ
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले की 2,85,571 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मई महीने तक की सम्मान राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी गई है। जिन महिलाओं के खाते में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, उनके लिए भी प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने बताया कि जून महीने की सम्मान राशि का भुगतान भी जल्द ही डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेज दिया जाएगा।
सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी जारी हुई राशि
जिले में सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी 2,48,123 लाभार्थियों को मई महीने तक की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।
इनमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं—
| योजना का नाम | लाभार्थियों की संख्या |
|---|---|
| राज्य सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना | 1,76,006 |
| आदिम जनजाति पेंशन योजना | 6,067 |
| राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना | 46,936 |
| इंटरनली डिस्प्लेस्ड पेंशन योजना | 828 |
| स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना | 18,279 |
| थर्ड जेंडर पेंशन योजना | 7 |
प्रशासन ने बताया कि जून महीने की पेंशन राशि का भुगतान भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का भुगतान आवंटन मिलने के बाद
केंद्र सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले के 44,002 लाभार्थियों को मार्च महीने तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है।
इनमें शामिल हैं—
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना – 35,625 लाभार्थी
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना – 524 लाभार्थी
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना – 7,853 लाभार्थी
जिला प्रशासन के अनुसार अप्रैल माह से आगे की पेंशन राशि का भुगतान केंद्र से बजट आवंटन मिलने के बाद किया जाएगा। आवंटन प्राप्त होते ही सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि भेज दी जाएगी।
